अजय कुमार लल्लू होंगे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अब होगा कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ



लखनऊ से वशिष्ठ चौबे / कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के नए पार्टी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू को पार्टी ने नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। राज बब्बर के स्थान पर उनको कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। राज बब्बर ने लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था।वैश्य (ओबीसी) समाज से आने वाले अजय कुमार लल्लू दो बार के विधायक हैं। यूपी कांग्रेस में बड़ा फेरबदल करते हुए पार्टी ने अजय कुमार लल्लू पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाने के साथ ही चार उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 24 सचिव भी बनाए गए हैं। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू कुशीनगर की तमकुहीराज विधान सभा सीट से विधायक हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ते हुए अजय कुमार ने भाजपा प्रत्याशी जगदीश मिश्र को हराया था। वह 2012 में भी कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। अजय कुमार कांग्रेस के पूर्वी यूपी के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के करीबी भी माने जाते हैं। प्रियंका जब भी यूपी के दौरे पर आती हैं तो अजय कुमार लल्लू उनके साथ ही नजर आते हैं। अजय कुमार की कार्यशैली और उनके पार्टी से जुड़ाव के कारण प्रियंका वाड्रा काफी प्रभावित हैं।