देश भर में अक्षय तृतीया पर ब्राह्मण समाज ने हर्षोल्लास के हवन यज्ञ व दीपदान कर घर-घर मनाई परशुराम जयंती



सवाई माधोपुर/गंगापुर सिटी@रिपोर्ट चंद्रशेखर शर्मा। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर कोरोना महामारी के प्रकोप के बीच लोक डाउन की पालना करते हुए जिलेभर में भगवान परशुराम जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ लेकिन सादगी पूर्ण ढंग से मनाया गया। सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के साथ-साथ गंगापुर सिटी मुख्यालय पर भी  ब्राह्मण समाज  की ओर से परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम  घरों पर रहकर ही हर्षोल्लास से मनाया गया। परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर ब्राह्मण परिवारों के घरों पर सुबह हवन -यज्ञ एवं पाठ- पूजन का आयोजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इसके अलावा समाज के लोगों द्वारा दोपहर के समय सोशल मीडिया के माध्यम से चित्रकला, मेहंदी, रंगोली इत्यादि प्रतिस्पर्धा  एवं डांस प्रतियोगिता भी ऑनलाइन आयोजित की  गई। सभी प्रतियोगिताओं में समाज के महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने बताया की चित्रकला प्रतियोगिता के कनिष्ठ व वरिष्ठ दोनों वर्गों में 48 प्रविष्टियां प्राप्त हुई। इसी प्रकार मेहंदी प्रतियोगिता में 27, रंगोली प्रतियोगिता में 25 एवं डांस प्रतियोगिता में 38 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं।
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सावित्री शर्मा ने बताया की महिला संभागियों की संख्या अच्छी रही है। शीघ्र ही प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले संभागियों को चयनित कर उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर पटवा बाजार स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में भगवान परशुराम जी की मूर्ति का अभिषेक व हवन-पूजन वराह अवतार मंदिर के पुजारी मोहन आचार्य द्वारा कराया गया। क्योंकि लॉकडाउन के चलते तथा शहर में लग रही धारा 144 के कारण सभी प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों पर रोक लगी हुई है, इसी कारण ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी द्वारा इस आयोजन को घर-घर पर रखा गया और इसी के चलते स्वयं अध्यक्ष ने भी अपने घर पर ही हवन-पूजन का कार्यक्रम किया।
रात्रि सवा आठ बजे ब्राह्मण परिवारों में भगवान परशुराम की आरती का आयोजन रखा गया तथा 5 अथवा 11 दीपक जलाकर घर के बाहर आंगन में रखे गए। अध्यक्ष हेमंत शर्मा सहित सर्व ब्राह्मण महासभा के तहसील अध्यक्ष बालकृष्ण शर्मा, महूंकला ब्राह्मण समाज अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा, कान्यकुब्ज समाज के अध्यक्ष संतोष दुबे, हरियाणा समाज के अध्यक्ष रामकिशोर शर्मा, गौतम समाज के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल गौतम ने सभी ब्राह्मण परिवारों को इस आयोजन की बधाई देते हुए शुभकामनाएं अर्पित की।