अमर से हुआ इश्क, धूमधाम से हुई शादी अब जेल में कटेगी जिंदगी


बिकरू कांड में मारे गए आरोपी विकास दुबे के भांजे अमर दुबे की पत्नी खुशी के बारे में हर रोज चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में खुशी से जुड़ा हुआ एक और सच सामने आया है। अमर से खुशी ने दूसरी शादी की थी। पहली शादी में खुशी ससुराल से 15 दिन बाद ही भाग आई थी। जानिए पूरा मामला..
बिकरू कांड में जेल भेजी गई खुशी ने अमर दुबे से दूसरी शादी की थी। हालांकि परिजन यह बात छिपाए रहे। पुलिस ने अब नये सिरे से खुशी की भूमिका की जांच शुरू की है। वहीं उसके परिजन भी जांच के घेरे में आ गए हैं। अमर और खुशी की शादी 29 जून को हुई थी।
एसटीएफ ने बिकरू कांड के आरोपी अमर दुबे को हमीरपुर में मार गिराया था। पुलिस ने खुशी को साजिश में शामिल होने के आरोप में जेल भेज दिया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्ष 2019 में खुशी की शादी उसके माता-पिता ने किसी दूसरे व्यक्ति के साथ की थी। महज 15 दिन ही वह ससुराल में रही।
कुछ माह बाद ससुराल पक्ष ने दहेज की रकम व सामान लौटाकर खुशी से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद वह अमर के संपर्क में आ गई थी। इसके बाद दहशतगर्द विकास दुबे ने दोनों की शादी के लिए खुशी के माता-पिता से संपर्क किया। अपने खर्चे पर खुशी और अमर की शिवली स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी कराई।
इसमें खुशी के परिवार से उसके माता-पिता के अलावा चंद लोग ही शामिल हुए थे। वारदात के बाद खुशी के माता पिता ने यह कहकर गुमराह किया था कि विकास ने बंदूक की नोक पर बेटी की शादी कराई थी। आईजी रेंज कानपुर मोहित अग्रवाल ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।