यूएई और इजराइल साथ मिलकर टेस्टिंग डिवाइस बनाएंगे

कोरोना दुनिया में :deepak tiwariयूएई और इजराइल साथ मिलकर टेस्टिंग डिवाइस बनाएंगे, दोनों देशों के बीच यह पहली बिजनेस डील; दुनिया में 2.16 करोड़ मरीज
दुनिया में कोरोनावायरस संक्रमण के अब तक 2 करोड़ 16 लाख 638 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 43 लाख 21 हजार 853 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 7 लाख 68 हजार 603 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। यूएई और इजराइल की कंपनियां साथ मिलकर तेज परिणाम देने वाली कोविड-19 की टेस्टिंग डिवाइस बनाएंगी। दोनों देशों के बीच यह पहली बिजनेस डील दुबई में हुई।
यूएई की एपेक्स नेशनल इंवेस्टमेंट ने इजराइल की टेरा ग्रुप के साथ समझौता किया है। यह पार्टनरशिप गुरुवार को दोनों देशों के बीच शुरू हुए डिप्लोमेटिक रिलेशन के बाद हुई है। दोनों देशों ने अपनी दुश्मनी भुलाकर दोस्त बनने का फैसला किया है।
मैक्सिको: एक दिन में 6 हजार से ज्यादा मामले
मैक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में 6 हजार 345 नए मामले सामने आए और 635 मौतें हुईं। अब देश में संक्रमितों का आंकड़ा 5 लाख 17 हजार 714 हो गया है। अब तक देश में 56 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं। मैक्सिको सरकार ने रविवार को कहा कि देश में जल्द वैक्सीन तैयार करने की कोशिश हो रही है। 14 अगस्त को सरकार ने एस्ट्रेजेनेका कंपनी के साथ करार किया है। देश को महामारी से लड़ने के लिए करीब 20 करोड़ वैक्सीन की जरूरत होगी।
न्यू मैक्सिको सिटी में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अंतिम संस्कार में शामिल होते मृतक के परिजन।
फ्रांस: लॉकडाउन हटाने के बाद मामले बढ़े
फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 3310 नए मामले मिले हैं। यह देश में लॉकडाउन हटाने के बाद आए सबसे ज्यादा मामले हैं। यहां चार दिन पहले लॉकडाउन हटाया गया था। इसके साथ ही देश में संक्रमितों का आंकड़ा 2 लाख 15 हजार 521 हो गया है। फ्रांस सभी ऑफिस में मास्क जरूरी करने पर विचार कर रहा है।
फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार को सीन नदी के किनारे मास्क लगाकर टहलते स्थानीय लोग। बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने सभी के लिए मास्क पहनना जरूरी किया है।
साउथ अफ्रीका: लॉकडाउन हटाने का ऐलान
साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने शनिवार को देश में लॉकडाउन हटाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि देश में संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं। सरकार तंबाकू और शराब पर लगाया गया बैन हटाएगी। रेस्टोरेंट और स्कूल, कॉलेज खोलने की इजाजत दी जाएगी। लोग एक राज्य से दूसरे राज्य के बीच यात्रा कर सकेंगे। हालांकि, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना और मास्क लगाना जरूरी होगा।
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) की टीम साउथ अफ्रीका में संक्रमण रोकने में मदद करेगी। यहां के स्वास्थ्य मंत्री जवेली मखाइजे ने बताया कि इस टीम में 43 सदस्य होंगे। इनमें से 16 लोग 13 अगस्त को देश में पहुंच गए।
दक्षिण अफ्रीका के सोवेटो में कोरोना वैक्सीन के ट्रायल के दौरान एक वॉलंटियर को इंजेक्शन लगाते स्वास्थ्यकर्मी। देश में बीते तीन हफ्तों में संक्रमण के मामले कम हुए हैं।
ब्रिटेन: लगातार पांचवें दिन हजार से ज्यादा मामले
ब्रिटेन में शनिवार को 1012 मामले आए। देश में लगातार पांच दिनों से 1 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। ब्रिटेन में अब संक्रमितों की संख्या 3 लाख 17 हजार 379 हो गई है। देश में अब तक 41 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। इस बीच ब्रिटेन सरकार ने 9 लाख वैक्सीन खरीदने का ऑर्डर भी दिया है। ब्रिटेन अब तक चार वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से इसे खरीदने का करार कर चुकी है। हालांकि, इनमें से किसी भी कंपनी की वैक्सीन अभी तैयार नहीं है।
ब्रिटेन के नार्थम्पटन में 14 अगस्त को ग्रीनकोर सैंडविच फैक्ट्री के पास कार सवार का सैंपल लेता नेशनल हेल्थ सर्विस का एक स्टाफ।
ब्राजील: एक दिन में 41 हजार 576 नए मामले
ब्राजील में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 576 नए मामले मिले हैं और 709 मौतें हुई हैं। इसी के साथ देश में संक्रमितों का आंकड़ा 33 लाख 17 हजार 96 हो गया है। यहां के साओ पाउलो राज्य में बीते 24 घंटे में 11 हजार 408 नए मामले मिले और 167 मौतें हुईं। साओ पाउलो सबसे प्रभावित है। इस राज्य में 6 लाख 97 हजार 530 मामले सामने आए हैं और 26 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। देश में अब तक 1 लाख 7 हजार 232 मौतें हुई हैं।
ब्राजील के रियो डे जनेरियो में शनिवार को क्राइस्ट रिडीमर स्टैच्यू खोले जाने के बाद फेस शील्ड लगाकर प्रेयर करती एक महिला।