अक्षय कुमार आज मना रहे हैं अपना 53वां जन्मदिन, जाने इनकी ज़िन्दगी के कुछ ख़ास पहलू

 deepak tiwari 
 September 9, 2020
बॉलीवुड में खिलाड़ी कुमार के नाम से मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार बुधवार यानि कि आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। अक्षय कुमार का जन्म 9 सितंबर, 1967 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था। अक्षय का असली नाम राजीव हरिओम भाटिया है। लेकिन बॉलीवुड में आने से पहले उन्होंने अपना नाम बदलकर अक्षय कर लिया।
उनकी प्रारंभिक पढ़ाई मुंबई में ही हुई। बचपन से ही अक्षय को कराटे सीखने का शौक था। अक्षय ने आठवीं क्लास से ही मार्शल आर्ट सीखना शुरू कर दिया। यहां वह ब्लैकबेल्ट विजेता भी रहे। इसके बाद अपने इस शौक को पूरा करने के लिए अक्षय बैंकॉक चले गए। वहां उन्होंने मार्शल आर्ट की पढ़ाई जारी रखी और थाईलैंड का सबसे मुश्किल मार्शल आर्ट माना जाने वाला ‘मुए थाई’ की ट्रेनिंग ली। यहां उन्होंने वेटर का काम भी किया, लेकिन जल्द ही उन्हें नेशनल जियोग्राफिक पर प्रसारित होने वाली मार्शल आर्ट पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘सेवन डेडली’ आर्ट्स को होस्ट करने का अवसर मिला।
कुछ समय बाद अक्षय वापस भारत आ गए और यहां वह मार्शल आर्ट्स की ट्रेंनिग देने लगे। इस दौरान उनके एक शिष्य (जो पेशे से फोटोग्राफर था) ने उन्हें मॉडलिंग करने की सलाह दी। उस विद्यार्थी ने स्वयं अक्षय का फोटोशूट किया और साथ ही मॉडलिंग का एक असाइमेंट भी दिया। इसके बाद अक्षय मॉडलिंग करने लगे। अक्षय कुमार की बतौर अभिनेता बॉलीवुड में पहली फिल्म ‘सौगंध’ थी जो 1991 में आई। इस फिल्म से पहले अक्षय ने महेश भट्ट की फिल्म ‘आज’ में एक छोटी सी भूमिका में नजर आए थे। फिल्म ‘सौगंध’ बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। साल 1992 में आई अब्बास मस्तान निर्देशित फिल्म ‘खिलाड़ी’ अक्षय की पहली हिट फिल्म बनी। 1994 का साल अक्षय के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा। इस साल उनकी फिल्म ‘मैं अनाड़ी तू खिलाड़ी’ और ‘मोहरा’ आई जो उस साल की सर्वाधिक सफल फिल्मों में रही। इसके बाद अक्षय ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बॉलीवुड में खिलाड़ी सीरीज करने के कारण उन्हें ‘खिलाड़ी कुमार’ कहा जाने लगा।
अक्षय ने अपने बॉलीवुड करियर में हर तरह की भूमिका बखूबी निभाई है। 17 जनवरी, 2001 को अक्षय और ट्विंकल ने लंबे रिलेशनशिप के बाद शादी कर ली। अक्षय और ट्विंकल के दो बच्चे बेटा आरव और बेटी नितारा है। अक्षय कुमार ने बॉलीवुड में अब तक 130 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया हैं। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में इंटरनेशनल खिलाड़ी, खिलाड़ियों का खिलाड़ी, अंदाज, फिर हेरा फेरी, ऐतराज, मुझसे शादी करोगी, गर्म मसाला, बेवफा, वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम, भूल‑भुलैया, रुस्तम, मिशन मंगल, गुड न्यूज आदि हैं।
अक्षय को फिल्म अजनबी के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्फेयर और आइफा पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। फिल्म गरम मसाला में सर्वश्रेष्ठ कॉमेडियन के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार और फिल्म मुझसे शादी करोगी में सर्वश्रेष्ठ कॉमेडियन के लिए आइफा पुरस्कार मिला। इसके अलावा अक्षय कुमार को फिल्मों में उनके सराहनीय योगदान के लिए साल 2009 में भारत सरकार की तरफ से पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। अक्षय कुमार एक अच्छे अभिनेता के साथ‑साथ एक नेक दिल इंसान भी है, जो अक्सर जरूरतमदों की मदद के लिए आगे आते हैं। साल 2020 में देश में फैले कोरोना वायरस महामारी के दौरान अक्षय ने भारत सरकार को अपनी कमाई से 25 करोड़ रुपये का दान दिया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार की कई फिल्में रिलीज के लिए कतार में है जिसमें सूर्यवंशी, लक्ष्मी बम, बच्चन पांडे, पृथ्वीराज, अतरंगी रे, बेल बॉटम आदि शामिल हैं। इसके अलावा वह जल्द ही डिस्कवरी चैनल पर प्रसारित होने वाले शो मैन इनटू वाइल्ड में बियर ग्रिल्स के साथ खतरों से खेलते नजर आएंगे। अक्षय कुमार सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। उनके चाहने वालों की संख्या लाखों में है।