इंदौर में अब टोटल अनलॉक:deepak tiwari

इंदौर.लाॅकडाउन के बाद से धीरे-धीरे खुल रहे इंदौर को शनिवार से पूरी तरह से अनलॉक हो जाएगा। शुक्रवार को इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने नाइट कर्फ्यू के साथ ही रविवार के लॉकडाउन काे भी खत्म करने की घाेषणा कर दी। इसके अलावा लंबे समय से थमे हुए बसाें के पहिए भी अब कल से दौड़ेंगे शुरू कर देंगे। बस ऑपरेटर्स की टैक्स की मांग काे सरकार ने मान लिया है। इसके बाद ही संचालक बस चलाने पर राजी हाे गए हैं। इसके अलावा इंदौर से भोपाल दौड़ने वाली एआईसीटीएसएल की बसों का भी संचालन शनिवार से शुरू हो रहा है। बीआरटीएस पर भी लंबे समय बाद आई बस दौड़ती नजर आएंगी। हालांकि, अभी पर्यटन को बंद रखने का कलेक्टर ने निर्णय लिया है।
कलेक्टर मनीष सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को बस आनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में इंदौर से भोपाल और इंदौर संभाग में बसों के संचालन शुरू करने पर सहमति बन गई। बैठक में आई बस और सिटी बसों को शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। बस आनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा की आज या कल से इंदौर संभाग में बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इंदौर से भोपाल वाल्वों बस सर्विस भी शुरू हो जाएगी। बैठक में तय किया गया कि इंदौर में पहले बीआरटीएस पर आई बस शुरू की जा रही है। इसके बाद सिटी बस का संचालन शुरू किया जाएगा।
किराए टैक्स सहित अन्य समस्याओं पर बात हुई
कलेक्टर ने बताया कि बस आनर्स एसोसिएशन की टैक्स, किराए के निर्धारण सहित अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद अगस्त तक टैक्स माफ करने, किराए के निर्धारण के लिए समिति की बैठक आयोजित करने, परमिट की समस्याओं के निराकरण आदि के संबंध में बात बनी।
बस चलने से लोगों को राहत मिलेगी
उन्होंने बताया कि बसों के संचालन से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बसों के अवैध संचालन के संबंध में भी कार्यवाही की जाएगी। इंदौर में बसों का संचालन पूरी क्षमता के साथ संचालन शीघ्र शुरू हो जाएगा। बैठक के बाद बस आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजमोहन राठी ने बताया कि करीब 5 दिन से हमारी चर्चा चल रही थी। शनिवार को शासन द्वारा टैक्स को लेकर हमारी मांगे मान ली गई हैं। इसके बाद हम अब आज या कल से बसों का संचालन शुरू कर देंगे।
लंबे समय बाद चलेंगी आई बसें
अगस्त तक पूरा टैक्स माफ कर दिया गया है। इसके साथ ही एसोसिएशन ने अपनी सेवाएं शुरू करने की घोषणा कर दी है, वहीं कलेक्टर ने एआईसीटीएसएल की सेवाएं भी शुरू करने की घोषणा कर दी है। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि बसों के संचालन पर निर्णय हो गया है। हम शनिवार से ज्यादा से ज्यादा बसों का संचालन शुरू कर देंगे। इसमें इंदौर-भोपाल चार्टर्ड के साथ ही बीआरटीएस पर दौड़ने वाली आई बस शामिल हैं।
सितंबर का 50 फीसदी टैक्स माफ
कलेक्टर ने बताया कि मार्केट के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र पूरी तरह से खुल चुके हैं। ऐसे में टर्नओवर को बढ़ाने के लिए बसों का संचालन जरूरी था। इसे लेकर लंबे समय से बात चल रही थी। इनकी टैक्स माफी की मुख्य मांग को शासन ने मान लिया है। अगस्त तक पूरी तरह से टैक्स माफ किया गया है, जबकि सितंबर में 50 फीसदी टैक्स लिया जाएगा। यानी की सितंबर का भी 15 दिन का ही टैक्स देना होगा। किराए को लेकर समिति के साथ बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा।
1 जून अनलॉक - 1 : लॉकडाउन के 68 दिन बाद मिली थी राहत
जिला प्रशासन ने अनलॉक -1 में शहर के मध्य क्षेत्र (जोन-1) को छोड़ सिटी और आउटर एरिया में लगभग सभी तरह की दुकानें, दफ्तर को खोलने के आदेश जारी किए थे। आउटर एरिया में दफ्तर 50% स्टाफ के साथ तो सिटी एरिया में 33% स्टाफ के साथ काम शुरू हुआ था। इसके अलावा फल, सब्जी की दुकानों की जगह ठेले पर सब्जी बेचने के आदेश जारी हुए थे। अनिवार्य सेवा वाली दुकानें सुबह 8 से शाम 5 बजे तक और अन्य सेवाएं और दफ्तर समय सुबह 11 से शाम 4 बजे तक खुल रहे थे। इसके अलावा माॅर्निंग वाॅक की भी अनुमति दे दी गई थी। शादी और विवाह समारोह, नगरीय सीमा में 12 लोगों की उपस्थिति में होने के साथ ही अंतिम यात्रा, जनाजा में पांच व्यक्तियों की मौजूदगी की अनुमति दी गई थी।
1 जुलाई अनलॉक- 2 : मैजिक और 56 दुकान पर टेक अवे की सुविधा
अनलॉक -2 में शॉपिंग मॉल्स खोलने, टाटा मैजिक-वैन चलाने और रेस्त्रां व 56 दुकान से टेक अवे के जरिए काउंटर से फूड पार्सल ले जाने की मंजूरी जारी कर दी थी। वहीं, लॉकडाउन बाद पहली बार सड़कांे पर टाटा मैजिक और वैन दौड़ी थीं। रात का कर्फ्यू 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रहा। शॉपिंग मॉल सुबह 9 से रात 8 बजे तक खुलने की अनुमति दी गई। धार्मिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान, कोचिंग क्लासेस, बार, क्लब, स्विमिंग पूल, जिम, सिनेमा हॉल, ऑडिटोरियम, मनोरंजन पार्क, एसेंबली हॉल बंद ही रहे।
5 अगस्त अनलॉक -3 130 दिन बाद खुले जिम, पार्लर
24 मार्च से यानी 130 दिन से बंद जिम, योगा केंद्र, लाइब्रेरी, ब्यूटी पार्लर के शटर उठे थे। इसके अलावा इंदौर में लगे बाजारों पर प्रतिबंध को पूरी तरह से हटा लिया गया था। अब सभी के लिए एक जैसे नियम लागू कर दिए गए थे। पूरे जिले में सभी तरह की दुकानें और बाजार सप्ताह में छह दिन सुबह सात से रात आठ बजे तक खोले जाने की अनुमति जारी दी गई थी। हालांकि रात्रिकालीन कर्फ्यू नहीं हटाया गया था। इसके साथ ही रविवार को टोटल लॉकडाउन भी रखा गया था