बालिकाओं की शिक्षा से परिवार स्वर्ग और वातावरण सुगंधित होता है: धर्मेंद्र


उझानी: नगर के समीपवर्ती गांव अब्दुल्लागंज स्थित बड़ा हनुमान मंदिर परिसर में पूजा अर्चना के बाद संपूर्ण गांव की देवकन्याओं और मातृशक्तियों को भोजन कराया गया। दान-दक्षिणा और उपहार दिए गए।
बड़ा हुनमान मंदिर महंत कमलाकांत महाराज और राजीव लोचन महाराज ने वेदमंत्रोच्चारण कर मां दुर्गा की विशेष पूजा अर्चना की। मुख्य यजमान धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि बालिकाएं आदिशक्ति हैं। साक्षात मां दुर्गा, मां काली और मां सरस्वती का स्वरूप हैं। परिवार को स्वर्ग और आसपास के वातावरण को सुगंधित बनाने के लिए बालिकाओं के शैक्षिक स्तर को ऊँचा उठाएं। ममता शर्मा, आरती शर्मा ने मुख्य दीप प्रज्ज्वलित किया। देवकन्याओं के चरण धोए, तिलक वंदन कर चुनरी ओढ़ाई। श्री ओम प्रकाश शर्मा इंटर काॅलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रसाद वितरित किया। संपूर्ण गांव की देवकन्याओं और मातृशक्तियों को भोेजन कराने से पूर्व गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने गायत्री मंत्र का उच्चारण कराया। मुद्रिका, दान-दक्षिणा, फल और उपहार भेंट किए गए। 
इस मौके पर गुनगुन, सूर्यांश, आरपी सिंह, शालिनी शर्मा, अजब सिंह, सुरेश पाल सिंह, विपिन मिश्रा, शिवानी पाल, रेनू शर्मा, संदीप कुमार, नेमप्रकाश, पूजा साहू, जसवीर, अतिवीर सिंह, रामस्नेही आदि मौजूद रहीं।