सैर पर निकलीं शेरनियां:deepak tiwari

भोपाल.भोपाल में सैर-सपाटा से गुरुवार को 15 महिला बाइक राइडर्स मध्य प्रदेश की सैर पर निकलीं, जो 1500 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। इस दौरान यह बाइक रैली जंगलों, मैदानों और पर्वतों से होकर गुजरेगी।
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की तरफ प्रदेश में पहली महिला बाइकिंग ट्रेल (टाइग्रेस ऑन द ट्रेल) का आयोजन किया गया। प्रदेश की पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर ने भोपाल सैर सपाटा से महिला बाइक राइडर्स की इस रैली को हरी झंडी दिखाई। महिला बाइकर्स रैली का समापन 25 नवंबर को किया जाएगा।
एमपी से 9 महिला बाइक राइडर्स शामिल
रैली में मध्य प्रदेश की 9 महिला बाइक राइडर्स शामिल हैं, जबकि दो महाराष्ट्र, दो उड़ीसा, और एक-एक कर्नाटक और पश्चिम बंगाल की बाइक राइडर्स शामिल हैं। ग्रुप को बाइक राइडर मीनाक्षी राव लीड कर रही हैं।
कान्हा, बांधवगढ़ में घूमेगी रैली
मीनाक्षी राव के नेतृत्व में महिला बाइक राइडर्स का यह दल भोपाल से पचमढ़ी, पेंच, कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और खजुराहो से होते हुए वापस भोपाल लौटेंगी। इस दौरान ये 15 बाइक राइडर्स प्रदेश लोगों को जागरुक भी करेगी।
शेर देखने की चाहत
मुंबई से आई एडविना डिसूजा ने बताया कि वह इस राइड पर जाने के लिए उत्सुक हैं। वे मध्य प्रदेश के जंगलों और जंगली जानवरों को देखने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि एक बार बाइक राइडिंग करते हुए उन्हें हाईवे पर खूंखार जानवर दिख गया था। एमपी में बाइक राइडिंग के दौरान लग रहा है, ऐसा फिर होगा।
भारत में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बदलाव
रैली में इटली से आई सिल्वाना भी हिस्सा ले रही हैं। सिल्वाना 2015 में भारत दौरे पर आई थीं। उसके बाद उनकी ये दूसरी भारत यात्रा है। सिल्वाना के मुताबिक भारत में महिला सशक्तिकरण के दिशा में बहुत अंतर आया है।
बाइकर्स राइडिंग के साथ खूबसूरत पर्यटन स्थलों से भी हाेंगे रूबरू
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि यात्रा मार्ग इस तरह से तैयार किया गया है, जिससे प्रतिभागी रास्‍ते में आने वाले पर्यटन स्‍थलों की खूबसूरत वादियों का पूर्ण रूप से आनंद ले सकें। ये राइडर्स राज्‍य के मनोरम दृश्यों का आनंद लेते हुए यात्रा के रोमांच का अनुभव कर सकें और पर्यटकों को मध्‍यप्रदेश के आकर्षक गंतव्‍यों का परिचय कराते हुए इन पर्यटन स्‍थलों के सुगम व सुरक्षित होने की जानकारी पर्यटकों को प्रदान कर सकें।
महिला बाइकर्स का हुआ स्वागत
साहसिक और सुरक्षित पर्यटन का संदेश देने निकली महिला बाइकर्स का मिसरोद पर महिलाओं के ग्रुप ने आरती उतारकर, तिलकर लगाकर स्वागत किया।