मास्क लगाइये वर्ना पुलिस के सामने गिड़गिड़ाइये:deepak tiwari

इंदौर.इंदौर में शनिवार को चौराहों, बाजार और गलियों में लोग यहां-वहां बचकर भागते नजर आए। वे कोई और नहीं, बल्कि मास्क नहीं पहनने वाले लोग थे, जो निगम की चालानी कार्रवाई से बचकर भाग रहे थे। चालानी कार्रवाई से बचे लोग राहत की सांस तो लेते नजर आए, लेकिन इन्हें शायद पता नहीं था कि यह राहत रूपी खुली सांस, उन्हें कोरोना रूपी यमराज तक पहुंचा सकती है। चालानी कार्रवाई के दौरान दौड़ भाग के अलावा कई प्रकार के बहाने भी सुनने को मिले। किसी ने कहा- सांस लेने में दिक्कत होती है, तो कई बोला - मास्क टूट जाता है। किसी ने कहा- बस, यहीं तक आया था, छोड़ दो अभी लेकर आता हूं। किसी ने गाड़ी की चाभी निकालने पर आंख भी दिखाई। इन सबके बाद भी चालानी कार्रवाई जारी रही।
इंदौर में कोरोना के पलटवार से पुलिस-प्रशासन और नगर निगम एक्टिव मोड में आ गया है। प्रशासन ने जहां सभी से मास्क लगाने की अपील की। साथ ही, बात नहीं मानने पर कार्रवाई की बात भी कही। वहीं, पुलिस ने समझाइश के बाद मास्क सहित नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की बात कही है। सबसे तेजी निगम ने दिखाई और एक बार फिर से मास्क नहीं लगाने वालों पर चालानी कार्रवाई शुरू की। मास्क नहीं पहनने पर 200 रुपए का स्पाॅट फाइन लगाया जा रहा है, साथ ही मास्क पहनने के लिए कहा जा रहा है।
शनिवार को जब निगम की टीम राजबाड़ा और जेल रोड पर पहुंची, तो यहां लोग मस्ती में नजर आए। चेहरे पर न मास्क था और ना ही सोशल डिस्टेंसिंग। लाेग हाथों में हाथ लिए बतियाते घूम रहे थे। टीम ने चालानी कार्रवाई शुरू की, तो लोग भागने लगे। कोई गाड़ियों के पीछे से छिपकर निकला, तो किसी ने जिस ओर से आया, उसी ओर बाइक और साइकिल दौड़ा ली। जो पैदल थे, उनके पीछे टीम ने भी दौड़ लगा दी। इस लुकाछिपी में कई पकड़ाए तो कुछ भागने के बाद राहत की सांस लेते नजर आए।
पकड़ाया तो बोला - 100 रुपए ले लो, तुम कर सकते हो
निगम ने मास्क नहीं पहनने वाले एक युवक को दबोचा, तो वह बोला कि मास्क तो वह घर से लेकर चला था, पर कहीं गिर गया। इसके बाद कहने लगा- क्या करूं, मास्क की रबर टूट जाती है। जब निगम ने कहा कि 200 का चालान कटवा लो, तो बोला कि मेरे पास तो इतने हैं ही नहीं। चलो, 100 का चालान बना दो। इस पर टीम ने कहा कि चालान तो 200 का ही बनेगा। इस पर युवक बोला - अरे 100 का बना दो, कौन सा तुम्हारे घर जाएगा। निगम कर्मी ने कहा कि हां, मेरे घर तो नहीं जाएगा, पर चालान तो उतने का ही बनेगा। काफी देर बाद उसने चालान बनवाया। इसके अलावा एक युवक ने कहा कि उसके पास रुपए नहीं हैं, तो निगम ने पेटीएम के जरिए उससे चलाना भरवाया।
युवक बोला - 200 क्या, ऐसे लोगों से 500 रुपए वसूलो
युवा अरविंद ने कार्रवाई को लेकर कहा कि निगम की यह कार्रवाई जरूरी और सही है। मास्क लगाने और दूरी बनाए रखने से खुद का ही फायदा है। कोरोना महामारी से विश्व परेशान है। मास्क पहनने और दूरी बनाए रखने से किसी और को नहीं, बल्कि अपने को ही फायदा होगा। निगम नियमों का पालन नहीं करने वालों से 200 नहीं 500 रुपए चालान वसूले।
बिना मॉस्क घूमते 306 लोगों पर स्पॉट फाइन
शुक्रवार को शहर में बिना मॉस्क घूमते 306 लोगों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई कर 60 हजार 700 रुपए वसूले गए। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने बताया संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोगों से अपील है कि वे जब भी घर से बाहर निकलें तो मास्क अवश्य लगाएं। बिना मास्क घूमने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए सभी जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी और सीएसआई को अधिकार दिए गए हैं। ये अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मास्क नहीं लगाने वाले लोगों पर सीधे कार्रवाई करेंगे।
नवंबर में पहली बार 492 नए मामले मिले, 3 की जान भी गई
इंदौर में एक बार फिर से कोरोना विस्फोट हुआ। शुक्रवार रात को 492 संक्रमित मिले। साथ ही, 3 मरीजों की जान भी गई। इसके पहले 11 अक्टूबर को 453 मरीज मिले थे। इंदौर में एक दिन में सर्वाधिक 495 पॉजीटिव 1 और 9 अक्टूबर को सामने आए थे। नंबर के 20 दिनों में 2901 पॉजिटीव मरीज मिले और 47 मौतें हुईं। पिछले 3 दिनों में ही 10 मौतें और 1060 नए मरीज मिले हैं। अब तक जिले में जहां 729 मरीजों की जान गई। वहीं, 37115 संक्रमित मरीजों में 33693 मरीज ठीक होकर घर लौटे। शुक्रवार रात को 4684 टेस्ट में से 4153 की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिले में अभी 2693 एक्टिव मरीज हैं। अब तक 1 लाख 52 हजार 731 रैपिड एंटीजन सैंपल लिए जा चुके हैं, जबकि 4 लाख 61 हजार 786 सैंपलों को जांचा जा चुका है।