कोरोना का देश में कहर जारी :deepak tiwari

 दिल्ली से यूपी जाने वाले सभी यात्रियों का टेस्ट होगा; हिमाचल में मरीजों की पहचान के लिए डोर-टू-डोर सर्वे
उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब दिल्ली से उत्तर प्रदेश जाने वाले सभी यात्रियों का कोरोना टेस्ट होगा। यूपी सरकार ने रविवार को इसका ऐलान कर दिया है। चीफ सेक्रेटरी आरके तिवारी ने बताया कि फ्लाइट, बस और ट्रेन से आने वाले सभी यात्रियों की जांच होगी। इसके अलावा दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भी पर्सनल गाड़ियों से ट्रैवेल करने वाले लोगों का रैंडम टेस्ट शुरू हो चुका है। इसके अलावा शादियों में मेहमानों की संख्या पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। अब 200 की जगह 100 गेस्ट ही शादी समारोह में शामिल हो पाएंगे।
दिल्ली से सटे राज्यों में हालात खराब होने लगे
दिल्ली में भले ही पिछले 3 दिनों से एक्टिव केस नहीं बढ़ रहे हैं लेकिन इससे सटे राज्यों में हालात खराब होने लगे हैं। खासतौर पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब में। इन राज्यों में पिछले कई दिनों से एक्टिव केस में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में डोर टू डोर सर्वे से मरीजों की पहचान
हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी कोविड-19 मरीजों और हाई रिस्क वाले लोगों की पहचान करने के लिए डोर टू डोर सर्वे करने का फैसला लिया है। राज्य सरकार ने रविवार को इसके लिए आदेश जारी कर दिया। ये सर्वे 25 नवंबर से शुरू होकर 27 दिसंबर तक चलेगी। सर्वे में कोविड-19 मरीजों, टीबी, लेप्रोसी, शुगर, हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की पहचान की जाएगी। ऐसे मरीजों पर लगातार डॉक्टर्स निगरानी रखेंगे।
4 राज्यों में केंद्र सरकार ने हाई लेवल टीमें भेजी
देशभर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए केंद्र ने चार राज्यों में हाई लेवल टीमें भेजी हैं। हिमाचल, पंजाब, यूपी और छत्तीसगढ़ में ये संक्रमण की रोकथाम के उपाय सुझाएंगी। टीमें राज्य सरकारों को कंटेनमेंट, निगरानी, टेस्टिंग और मरीजों के इलाज के बेहतर इंतजाम करने में मदद भी करेंगी। इससे पहले, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मणिपुर में केंद्रीय टीमें भेजी जा चुकी हैं।
मरीजों का आंकड़ा 90.97 लाख
अब तक देश में 90 लाख 97 हजार 908 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें से 85 लाख 21 हजार 39 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 3 दिन के अंदर रिकवरी रेट में 1% इजाफा देखने को मिला है। रिकवरी रेट अब 94% हो गया है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर अब 1 लाख 33 हजार 282 हो गई है।
अपडेट्स
पिछले 42 दिनों में दूसरी बार देश में कोरोना के एक्टिव केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को 599 एक्टिव मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके पहले गुरुवार को 343 और 2 अक्टूबर को 2,472 एक्टिव केस बढ़े थे। शनिवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1601 और राजस्थान में 1028 एक्टिव केस बढ़े। इसी के साथ हर दिन मिलने वाले एक्टिव केस के मामले में महाराष्ट्र एक बार फिर से टॉप पर पहुंच गया।
शनिवार को 24 घंटे के अंदर 44 हजार 906 लोग संक्रमित पाए गए। 43 हजार 797 लोग रिकवर हुए और 497 मरीजों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा राजधानी दिल्ली में 5879, केरल में 5772, महाराष्ट्र में 5760 मरीज मिले। गुजरात में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 1515 और राजस्थान में 3007 मामले सामने आए।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में पहली बार RT-PCR टेस्ट का आंकड़ा रैपिड एंटीजन टेस्ट से ज्यादा पहुंच गया है। DRDO अस्पताल के लिए 250 वेंटीलेटर भेजे गए हैं।
दिल्ली में हाउस-टू-हाउस सर्वे शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को 3 लाख 70 हजार 729 लोगों का सर्वे किया गया। एम्स ने 207 जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर्स की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
दिल्ली में शनिवार को 5879 लोग संक्रमित मिले। यह 24 घंटे में सबसे ज्यादा केस हैं। 6963 लोग रिकवर हुए और 111 की मौत हो गई। 24 घंटे में मौतों का आंकड़ा भी दिल्ली में सबसे ज्यादा है। अब तक कुल 5 लाख 23 हजार 117 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 39 हजार 741 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 75 हजार 106 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों की संख्या अब 8270 हो गई है।
2. मध्यप्रदेश
राज्य में शनिवार को 1700 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 899 लोग रिकवर हुए और 11 की मौत हो गई। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा अब 1 लाख 91 हजार 246 हो गया है। इनमें 11 हजार 192 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 76 हजार 905 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3149 हो गई है।
3. राजस्थान
पिछले 24 घंटे के अंदर राज्य में 3007 लोग संक्रमित मिले। 1963 लोग रिकवर हुए और 16 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 40 हजार 676 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21 हजार 951 मरीजों का इलाज चल रहा है। 2 लाख 16 हजार 579 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2146 हो गई है।
4. महाराष्ट्र
राज्य में शनिवार को 5760 नए मरीज मिले। 4088 लोग रिकवर हुए और 62 की मौत हो गई। संक्रमितों की संख्या अब 17 लाख 74 हजार 455 हो गया है। इनमें 79 हजार 873 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 47 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 46 हजार 573 हो गई है।
5. उत्तरप्रदेश
प्रदेश में शनिवार को 2235 नए मरीज मिले। 2097 लोग रिकवर हुए और 24 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 24 हजार 223 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 23 हजार 471 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 93 हजार 228 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 7524 हो गई है।