पालघर में 3 शादियों में पड़ा छापा जाने क्यों

tap news India deepak tiwari
मुंबई.मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा बढ़ते Covid-19 मामलों को देखते हुए राज्य भर में प्रतिबंध लगाए जाने के ठीक एक दिन बाद पालघर के जिलाधिकारी डॉ माणिक गुरसेले ने रविवार की देर रात तीन विवाह समारोहों में छापा मारा। इस दौरान 800 से अधिक लोगों को बिना किसी सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन किए शराब पीते और डांस करते हुए पाया गया। खास यह है कि शादी में शामिल हुए ज्यादातर लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया था।
इस घटना के बाद शादी के आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। डॉ माणिक गुरसेले ने रविवार की देर रात पालघर के सतपति, शिरगांव और उमरोली-बिरवाड़ी में हो रही तीन शादियों पर छापा मारा था। डॉ माणिक गुरसेले ने बताया, 'हमने उमेश पाटिल, कुंदन महात्रे, दीपक जाधव, चंद्रकांत तांडेल, तुषार ठाकुर और चंद्रकांत ठाकुर के खिलाफ IPC की धारा 188 (अवज्ञा), महामारी रोग अधिनियम 1987 और आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत मामला दर्ज किया है।
तीनों दूल्हों के पिता के खिलाफ केस हुआ दर्ज
जिलाधिकारी गुरसेले ने कहा, "हमने केवल 50 मेहमानों के लिए अनुमति दी है। शादी में शामिल लोग सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने सहित किसी भी नियम का पालन नहीं कर रहे थे। वे बिना किसी डर के खुलकर डांस कर रहे थे। सतपति और बोइसर थानों में इनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। कई मेहमान शराब भी पी रहे थे। तीनों दूल्हों के पिता, डिस्क जॉकी, कैटरर, हॉल मालिक और एक अन्य के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।"
जिले में 1202 लोगों की अबतक हुई मौत
पालघर जिले में पिछले दो दिनों में मास्क नहीं पहनने पर 189 लोगों से करीब 36,150 जुर्माना वसूला गया है। वहीं यहां 45,697 कोरोना पेशेंट अब तक मिले हैं और अब तक 1,202 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।