महंगे पेट्रोल डीजल को लेकर नेताओं ने किया प्रदर्शन

इंदौर.शतक लगा चुके पेट्रोल, 90 रुपए के करीब पहुंच चुका डीजल और 1000 रुपए प्रति सिलेंडर की ओर कदम बढ़ा रही रसोई गैस काे लेकर कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। कांग्रेसियाें ने शहर के अलग-अलग हिस्साें में प्रदर्शन करते हुए सरकार काे घेरने की काेशिश की। इस दाैरान जहां कांग्रेस नेत्रियों ने सड़क पर ही सिलेंडर काे हार पहनाकर चूल्हा जला लिया। वहीं, अन्य कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रतिबंध के बाद भी प्रदर्शन करने पर पुलिस ने करीब एक दर्जन कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।
महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शशि यादव ने जहां परदेशीपुरा क्षेत्र में विरोध स्वरूप सड़क पर तंबू लगाकर चुल्हे में खाना पकाते हुए प्रदर्शन किया। वहीं, युवक कांग्रेस शहर अध्यक्ष रमीज खान के नेतृत्व में मधुमिलन चौराहे पर पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में हुई मूल्यवृद्धि के विरोध में कांग्रेसी सड़क पर उतरे। कांग्रेसी यहां नारेबाजी कर ही रहे थे, पुलिस ने प्रतिबंध के बाद भी प्रदर्शन करने पर कांग्रेसियों को पकड़ लिया।
जानकारी लगने पर पुलिस पहले से ही मधुमिलन चौराहे पर तैनात थी। युवा कांग्रेसी आरएनटी मार्ग से जुलूस निकालकर रीगल चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा आने वाले थे। जैसे ही, कार्यकर्ता वहां पहुंचे और प्रदर्शन शुरू किया, पुलिस ने उन्हें पकड़कर वैन में बिठा लिया। इसे लेकर पुलिस और कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेसियों ने पुलिस पर अपशब्द कहने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता बिना अनुमति प्रदर्शन कर रहे थे, इसलिए कार्रवाई की गई है।