महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते केस से प्रशासन सतर्क

tap news India deepak tiwari 
मुंबई.85 दिन बाद राज्य में कोरोना के केसों में फिर एक बाद बड़ी वृद्धि देखने को मिल रही है। शुक्रवार को यहां 6112 नए केस रजिस्टर हुए हैं। स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि राज्य में एक बार फिर लॉकडाउन का संकट मंडरा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे और महाराष्ट्र के मंत्री बच्चू कडू दोनों दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। इनके अलावा दो ऑफिस स्टाफ के कोविड पॉजिटिव होने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले क्वारैंटाइन हो गए हैं।
पूर्व मंत्री खडसे को बॉम्बे अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। उन्होंने कहा, 'इसी संक्रमण की वजह से पिछले साल नवंबर में भी मुझे भर्ती होना पड़ा था। मैं फिर से संक्रमित हो गया हूं। मेरी स्थिति सामान्य बनी हुई है।' जल संसाधन राज्य मंत्री बच्चू कडू भी इससे पहले सितंबर में संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने सोशल मीडिया में लिखा, 'मैं दूसरी बार संक्रमित पाया गया हूं। फिलहाल पृथक-वास में हूं। मेरे संपर्क में जो भी आए हैं, कृपया जांच करा लें।'
4 जिलों में नहीं मिले विदेशी वायरस के स्ट्रेन
महाराष्ट्र के अमरावती, अकोला, सातारा, यवतमाल जिले से जो कुल 12 नमूनों को जांच के लिए पुणे के बीजे मेडिकल कॉलेज में भेजा गया था, उसकी रिपोर्ट आ गई है। इन नमूनों में पाए गए वायरस किसी भी तरह से ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका या ब्रिटेन में पाए जाने वाले नए कोरोना वायरस स्ट्रेन से मैच नहीं खाते हैं। यह एक नए तरह का म्यूटेशन हो सकता है, लेकिन अगले सप्ताह तक इसकी विस्तृत रिपोर्ट आएगी।
अमरावती और यवतमाल में मिले नए स्ट्रेन
दूसरी ओर शोधकर्ताओं को पूर्वी महाराष्ट्र के अमरावती और यवतमाल जिलों से लिए गए कोरोना वायरस के नमूनों में दो नए म्यूटेंट्स मिले हैं, जो एंटीबॉडी को बेअसर करने में सक्षम हैं। शोधकर्ताओं ने कहा कि जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए गए किसी भी सैंपल में ब्राजील, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका का स्‍ट्रेन नहीं मिला है। इन दोनों जिलों में पिछले एक हफ्ते में कोरोना के मामलों में काफी वृद्धि देखी गई है। लिहाजा एहतियातन राज्य सरकार ने कई जिलों में लॉकडाउन दोबारा लगाने का फैसला किया है।
85 दिन बाद महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा केस
महाराष्ट्र ने फिर से देश की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को राज्य में रिकॉर्ड 6,112 नए मरीज मिले। यह पिछले 85 दिन में रोज मिलने वाले मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले पिछले साल 27 नवंबर को राज्य में 6,185 मामले आए थे। राज्य में अब तक 20 लाख 87 हजार 632 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 19 लाख 89 हजार 963 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51 हजार 713 मरीजों की मौत हो गई। 44 हजार 765 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
मुंबई में 77 दिन बाद सबसे ज्यादा मरीज मिले
पिछले 24 घंटे में पुणे में 1,015 केस दर्ज किए गए हैं, जबकि 493 लोग ठीक हुए हैं, जबकि 6 लोगों की वायरस संक्रमण के चलते मौत हो गई। मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को मुंबई में कोरोना के 823 नए मरीज मिले हैं। करीब 77 दिन बाद मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या 800 के पार हुई है। इससे पहले 4 दिसंबर को कोरोना के 813 नए मरीज मिले थे। यहां डबलिंग रेट भी 60 दिन बाद घटा है। 17 फरवरी को कोरोना के 721 नए मरीज मिले थे, 19 फरवरी यह संख्या 823 हो गई।
NCP ने स्थगित किया जनता दरबार
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने दो हफ्ते के लिए अपना 'जनता दरबार' स्थगित कर दिया है। NCP के मंत्री अब जनता दरबार नहीं लगाएंगे। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लोग अपनी शिकायतें ncpjantadarbar@gmail.com पर मेल कर सकते हैं। गुरुवार को NCP कोटे से महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल और राजेश टोपे कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। पिछले साल अगस्त महीने से ही महाराष्ट्र में NCP के मंत्री जनता दरबार लगा रहे हैं।