पानीपत में किसानों ने संभाली पगड़ी

 deepak tiwari
पानीपत.पानीपत टोल प्लाजा पर किसान और मजदूरों ने पगड़ी संभाल दिवस मनाकर तीनों कृषि कानून वापस होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। किसानों ने कहा कि शहीद सरदार भगत सिंह के चाचा अजित सिंह ने पगड़ी संभाल आंदोलन की शुरूआत करके अंग्रेजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। इसी तरह किसान भी मौजूदा सरकार को तीनों कृषि कानून वापस लेने पर मजबूर करेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान कुलदीप बलाना, किसान नेता बिंटू मलिक और सीटू पदाधिकारी सुनील दत्त ने कहा कि किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को किसान-मजदूरों ने पगड़ी संभाल दिवस मनाया। उन्होंने बताया कि 1906-07 के दौरान शहीद भगत सिंह के चाचा अजित सिंह ने इस आंदोलन की शुरूआत की थी। 9 महीने चले इस आंदोलन के कारण अंग्रेजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।
1836 में आज ही के दिन अखिल भारतीय किसान सभा की स्थापना करने वाले सहजानंद सरस्वती की जयंती भी है। किसानों ने दोनों महापुरुषों को याद किया। किसान नेताओं ने कहा कि अब 2020-21 में 550 किसान संगठनों के किसान संयुक्त मोर्चा ने कृषि कानूनों को लेकर सरकार के खिलाफ ऐसा ही आंदोलन छेड़ा है। इस आंदोलन में भी सरकार को कृषि कानून वापस लेने पर मजबूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कृषि कानून वापस लेने और न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी कानून लागू होने तक वह संघर्ष जारी रखेंगे। इस दौरान सेवा सिंह, डॉ. सुरेंद्र मलिक, दिलावर सिंह राठी, राममोहन राय, विजेंद्र स्वामी, ईश्वर सिंह, अशोक पंवार, नवीन सपड़ा, जय भगवान, हुकुम सिंह, स्वामी अग्निवेश, पायल, राममेहर, रामकिशन आर्य, शीशपाल आदि उपस्थित रहे।