हरियाणा के एक हॉस्टल में 54 छात्र संक्रमित मिले, 22 राज्यों के 140 जिलों में कोरोना की रफ्तार तेज हुई

 deepak tiwari 
नई दिल्ली. हरियाणा के करनाल में एक स्कूल के हॉस्टल में 54 स्टूडेंट कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। करनाल के सिविल सर्जन योगेश कुमार शर्मा ने मंगलवार को बताया कि हमारी टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। हॉस्टल को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।
हरियाणा में 1 मार्च से पहली और दूसरी क्लास के बच्चों के लिए स्कूल खोले गए हैं। प्रदेश में पिछले साल मार्च में लॉकडाउन के कारण स्कूलों को बंद किया गया था। इसके करीब एक साल बाद सभी कक्षाएं दोबारा शुरू हो गईं हैं। यहां तीसरी से 5वीं तक की पढ़ाई 24 फरवरी से शुरू हो चुकी है।
धर्मशाला में 100 बौद्ध भिक्षु कोरोना पॉजिटिव मिले थे
देश में एक जगह कई संक्रमित मिलने की खबरें फिर सामने आने लगी हैं। सोमवार को ही धर्मशाला के पास ग्यूतो यूनिवर्सिटी में एक दिन में 100 बौद्ध भिक्षु कोरोना पॉजिटिव मिले थे। कांगड़ा के CMO डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि अब तक इस मठ में करीब 156 बौद्ध भिक्षु संक्रमित हो चुके हैं।
140 जिलों में कोरोना के मरीज बढ़े
देश में कोरोना मरीजों की रफ्तार में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। 22 राज्यों के 140 जिलों में कोरोना का ग्राफ ऊपर चढ़ा है। मतलब इन जिलों में कोरोना के मामलों में तेजी आई है। 10 दिन पहले यानी 22 जनवरी तक ऐसे 122 जिले थे। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र के सभी 36 जिले प्रभावित हैं। इसके अलावा केरल के 9, तमिलनाडु के 7, पंजाब और गुजरात के 6-6 जिले इनमें शामिल हैं। इन जिलों में पिछले दो महीने के मुकाबले हर दिन कोरोना के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।
भारत में अभी 1.65 लाख एक्टिव केस हैं, यानी इतने मरीजों का इलाज चल रहा है। इस मामले में वह दुनिया में फिर एक बार 13वें नंबर पर पहुंच गया है। दो दिन पहले तक वह 15वें नंबर पर था। उसके 10 दिन पहले टॉप-15 संक्रमित देशों की सूची से बाहर हो गया था। इसी तरह हर दिन कोरोना मरीजों के मिलने के मामले में भी भारत अब 4-5वें नंबर पर आ गया है।
मध्यप्रदेश से भाजपा के सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन
मध्यप्रदेश के खंडवा से भाजपा के सांसद नंद कुमार सिंह चौहान का मंगलवार को निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद 5 फरवरी को उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
डॉक्टर्स के मुताबिक, संक्रमण उनके फेफड़ों तक फैल गया था। बाद में कोरोना रिपोर्ट निगेटिव भी आई, लेकिन उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ।
4 घंटे में 11 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले
सोमवार को देशभर में 11,563 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 11,990 लोग ठीक हुए और 80 की मौत हो गई। अब तक 1.11 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1.07 करोड़ से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। 1.57 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 1.65 मरीजों का इलाज चल रहा है।
6 राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र
राज्य में सोमवार को 6397 कोरोना मरीज मिले। 5754 लोग रिकवर हुए और 30 की मौत हो गई। अब तक यहां 21 लाख 61 हजार 467 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 20 लाख 30 हजार 458 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52 हजार 184 मरीजों की मौत हो गई। अभी 77 हजार 618 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
2. केरल
राज्य में सोमवार को 1938 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3475 लोग रिकवर हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 10 लाख 61 हजार 342 लोग यहां संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 लाख 8 हजार 972 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4311 मरीजों की मौत हो चुकी है। 47 हजार 866 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
3. गुजरात
सोमवार को राज्य में 427 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 360 लोग रिकवर हुए और 1 की जान चली गई। अब तक यहां 2 लाख 70 हजार 316 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 63 हजार 476 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 4411 मरीजों की मौत हो गई। 2429 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।
4. राजस्थान
राज्य में सोमवार को 119 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 123 लोग रिकवर हुए। इस तरह अब तक यहां 3 लाख 20 हजार 455 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 16 हजार 364 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2787 मरीजों की मौत हो गई। 1,304 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
5. दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को 175 कोरोना मरीज मिले। 105 लोग रिकवर हुए और 01 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 39 हजार 464 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 6 लाख 27 हजार 149 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 911 मरीजों की मौत हो गई। 1404 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
6.मध्यप्रदेश
राज्य में सोमवार को 336 कोरोना संक्रमित पाए गए। 219 लोग रिकवर हुए और एक की जान चली गई। अब तक राज्य में 2 लाख 62 हजार 102 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 55 हजार 336 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3865 मरीजों की मौत हो चुकी है। 2901 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।