देवरिया पहुंची मिस इंडिया रनरअप

tap news India deepak tiwari 
देवरिया.फेमिना मिस इंडिया की रनरअप मान्या सिंह बुधवार को अपने गृह जनपद देवरिया पहुंचीं। जहां उनका जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। एक तरफ जहां मान्या इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद पहली बार अपने गांव पहुंची थीं तो लोग भी उन्हें बीच पाकर काफी खुश नजर आए। वह अपने उस कॉलेज भी गईं, जहां से उन्होंने हाईस्कूल पास किया था। कॉलेज में मान्या ने बच्चों को खूब पढ़ाई कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जड़ों से जुड़ी मान्या:फेलिसिटेशन सेरेमनी में पिता के ऑटो से पहुंचीं थीं मिस इंडिया-2020 की रनर अप मान्या सिंह
कोई भी चीज नामुमकिन नहीं: मान्या सिंह
मान्या सिंह देवरिया में विक्रम विशुनपुर गांव की रहने वाली हैं। रामपुर गौनरिया चौराहे पर लोगों ने उन पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वे लोहिया इंटर कॉलेज गईं। जहां उन्होंने मौजूद बच्चों से हाथ मिलाकर उनको गले लगाया। मान्या सिंह ने लोहिया इंटर कॉलेज से दसवीं की परीक्षा पास की थी। मान्या ने कहा कि शिक्षा एक ऐसा शस्त्र है, जो पूरी जिंदगी आपके साथ रहने वाला है। इसलिए पढ़ाई पर ध्यान दीजिए और सपने देखना न भूलें। मेहनत करते रहिए। कोई चीज नामुमकिन नहीं है। खुद पर भरोसा रखिये, यही मैंने किया और आज यहां पर हूं।
बेटी पर पुष्पवर्षा देख अभिभूत हुई मां
इस दौरान बेटी मान्या को लोगों से मिल रहे स्नेह को देखकर उनकी मां मनोरमा देवी काफी खुश नजर आईं। उन्होंने कहा कि हम खुली आंख से सपने देख रहे हैं। भगवान करे वह और और ऊंचाई तक पहुंचे। हमारी आर्थिक स्थिति खराब थी। मगर बच्चों से यह कभी नहीं कहना चाहिए कि हम गरीब हैं। हमारे पास पैसे नहीं है। ऐसा कहने से बच्चे टूट जाएंगे। बच्चों का सहारा बनना चाहिए। मैंने भी यही किया है।
बच्चे बोले- पढ़ाई में गरीबी नहीं आते आड़े
वहीं स्कूल के बच्चों का कहना है कि मान्या दीदी हमारे लिए एक प्रेरणा हैं। उनसे यही सिख मिली है कि पढ़ाई में गरीबी मायने नही रखती है। वहीं स्कूल प्रबंधक अनिल सिंह ने कहा कि हम मान्या को इसीलिए स्कूल लाए हैं कि बच्चो में उत्साह होगा। मेरी स्कूल से निकली बहन आगे जा रही है।