असम में प्रियंका ने चाय बागान में मजदूरों के साथ पत्तियां तोड़ी tap news India

tap news India deepak tiwari
गुवाहाटी.कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को असम के चाय बागान में महिलाकर्मियों के साथ पत्तियां तोड़ती नजर आईं। प्रियंका असम दौरे के दूसरे दिन राज्‍य के सधारू टी स्‍टेट पहुंची थीं। वहां उन्‍होंने चाय बागान मजदूरों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बागान में पारंपरिक रूप से सिर से टोकरी बांधकर पत्तियां भी तोड़ीं।
प्रियंका ने कहा कि यहां के बड़े-बड़े नेता चार्टर प्लेन में घूमते हैं। आजकल चीन और जापान की ग्रीन टी भी पीने लगे हैं। शायद उन्हें असम की कड़क चाय पिलानी पड़ेगी। उन्हें उनकी जगह दिखानी पड़ेगी। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर असम में चाय बागान और मजदूर अहम चुनावी मुद्दा हैं।
तेजपुर की रैली में प्रियंका ने भरोसा दिया कि अगर असम में कांग्रेस की सरकार बनी तो हम सभी गृहिणियों को हर महीने 2,000 रुपए देंगे। चाय बागानों में काम करने वाली महिलाओं को रोज 365 रुपए दिए जाएंगे। नौकरियों के 5 लाख मौके बनाएंगे। ये वादे नहीं, बल्कि हमारी गारंटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में CAA लागू नहीं होने दिया जाएगा।
प्रियंका के चुनावी वादे
असम में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो हम एक कानून लागू करेंगे, जिससे प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लागू नहीं हो पाएगा।
हर परिवार को 200 यूनिट बिजली फ्री में दी जाएगी। इससे बिजली के बिल में आपके 1400 रुपए हर महीने बच जाएंगे।
असम की 126 सीटों पर 3 चरणों में चुनाव
असम की 126 सीटों के लिए 27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को तीन चरणों में चुनाव होगा। 2 मई को नतीजे घोषित होंगे। फिलहाल यहां भाजपा की सरकार है और सर्वानंद सोनोवाल यहां के मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में भाजपा 89 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसने 60 सीटें जीती थीं, वहीं असम गण परिषद ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर 14 सीटें और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट ने 13 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 जीती थीं। कांग्रेस ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 26 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई थी।
​​​​​​कामाख्या देवी के दर्शन के साथ दौरे की शुरुआत
प्रियंका ने सोमवार को कामाख्या देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ दो दिवसीय दौरे की शुरुआत की थी। पूजा के बाद उन्होंने कहा था कि बहुत दिनों से यहां आने की इच्छा थी, जो पूरी हो गई। इसके बाद उन्होंने लखीमपुर में बागान मजदूरों के साथ झुमुर डांस भी किया था।