एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर के प्रयोग से राज्य सरकारों को भू-राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई: श्री गिरिराज सिंह

रामजी पांडे

नई दिल्ली केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने घोषणा की कि जल्द ही देश के लोग अपनी भूमि का रिकॉर्ड अपनी भाषा में प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि भूमि संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय, अप्रैल 2022 से बहुभाषी सॉफ्टवेयर शुरू करने की योजना बना रहा है। उसके बाद, भूमि रिकॉर्ड 22 भाषाओं में उपलब्ध होगा। मंत्री बजट में घोषित भूमि शासन सुधारों पर एक ई-पुस्तक का विमोचन करने के बाद बोल रहे थे, जिसका शीर्षक था "Empowering Citizens- Powering India" (नागरिकों को सशक्त बनाना-भारत को सशक्त बनाना)"।

स्वदेशी रूप से विकसित एनजीडीआरएस (राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज़ पंजीकरण प्रणाली) सॉफ्टवेयर पर बोलते हुए, श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर लगभग 4 करोड़ में तैयार किया गया है, लेकिन इस सॉफ्टवेयर के उपयोग के परिणामस्वरूप राज्य सरकारों को भू-राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मंत्री ने कहा कि एनजीडीआरएस 13 राज्यों में लागू किया जा रहा है, जिससे 22 करोड़ लोगों को लाभ होगा। अब तक इस प्रणाली के माध्यम से 30.9 लाख दस्तावेज पंजीकृत किये जा चूके हैं, जिनसे 16 हजार करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।