मुंबई पोत परिवहन के अध्यक्ष श्री राजीव जलोटा ने कहा कि मुंबई बंदरगाह पर घरेलू और अंतर्राष्‍ट्रीय क्रूज सेवा मुख्य गतिविधि होने की उम्मीद है


मुंबई:बीपीएक्स-इंदिरा डॉक पर बनकर तैयार होने वाला प्रतिष्ठित समुद्री क्रूज टर्मिनल - मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल के जुलाई 2024 तक चालू होने की उम्मीद है। टर्मिनल में प्रति वर्ष 200 जहाजों और 1 मिलियन यात्रियों की आवाजाही को संभालने की क्षमता होगी। कुल परियोजना लागत 495 करोड़ रुपए में से 303 करोड़ रुपए मुंबई पोत प्राधिकरण और शेष निजी ऑपरेटरों द्वारा खर्च किए जाएंगे। मुंबई पोत प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजीव जलोटा ने राष्ट्र के बंदरगाह-केंद्रित विकास के लिए भारत सरकार के प्रमुख कार्यक्रम - सागरमाला के 7 साल पूरे होने के अवसर पर आज मुंबई में मीडिया को संबोधित करते हुए यह जानकारी  दी।

 

IMG_256

भारत में अपनी तरह का पहला प्रतिष्ठित समुद्री क्रूज टर्मिनल का कुल निर्माण क्षेत्र 4.15 लाख वर्ग फुट है। इसमें 22 एलिवेटर, 10 एस्केलेटर और 300 कारों के लिए बहुमंजिला कार पार्किंग की सुविधा होगी। डॉक पर एक बार में दो क्रूज जहाजों को जगह मिलेगी।

 

श्री जलोटा ने कहा कि आने वाले दिनों में मुंबई पोर्ट पर घरेलू और अंतर्राष्‍ट्रीय क्रूज सेवा मुख्य गतिविधि होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुंबई पोत प्राधिकरण क्रूज पर्यटन, यात्री परिवहन, जहाज मरम्मत पर विशेष ध्यान दे रहा है। श्री जलोटा ने कहा कि भारत को एक क्रूज गंतव्य के रूप में  स्थापित करने के लिए एक क्रूज कॉन्फ्रेंस की योजना बनाई जा रही है, जिसका उद्देश्य मुंबई, गोवा, कोच्चि जैसे बंदरगाहों और पूर्वी तट पर बंदरगाहों को देश के क्रूज हब के रूप में स्थापित करना है।