उमा भारती हुई ऋषिकेश अस्पताल में भर्ती


भोपाल। उत्तराखंड के ऋषिकेश में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती चोटिल हो गईं। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका जौलीग्रांट स्थित हिमालयन हॉस्पिटल में  इलाज चल रहा है। दरअसल, इन दिनों उमा भारती गौमुख से गंगासागर तक गंगा की यात्रा कर रही हैं। यात्रा के दौरान ऋषिकेश में ब्रह्मपुरी आश्रम के पास पैर फिसलने के कारण उमा भारती चोटिल हो गईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिर में चोट के अलावा भारती के बाएं पैर में दो फ्रैक्चर आए हैं। शुरुआत में सिर्फ सूजन आई लेकिन उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उन्होंने ज्यादा दर्द की शिकायत की। चोट के बारे में  उन्होंने कहा कि उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ है और यह अगले एक महीने तक रहेगा। डॉक्टरों की टीम ने मुझे 24 घंटे अस्पताल में रुकने को कहा है।