कोटा समेत देश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी से मौसम ने बदली करवट गर्म कपड़ों का बाजार गर्म




कोटा. हाड़ौती अंचल में सर्दी का उतार चढ़ाव जारी है। गुरुवार को कहीं बूंदाबांदी हुई, कहीं बादल छाए और फिर धूप निकली। सुबह-शाम के साथ रात में कड़ाके की सर्दी का अहसास हुआ।

कोटा की सुबह सर्दी का असर रहा। घना कोहरा छाया व तेज हवा से लोग ठिठुर गए। बादलों ने भी शहर को घेरे रखा। कुछ देर बूंदाबांदी हुई। बाद में बादल छंट गए और तेज धूप निकली। शाम को फिर सर्दी ने लोगों को जकड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम ताममान 24.5 व न्यूनतम 15.3 डिग्री रहा। जिले के अरण्डखेड़ा व दीगोद में सुबह बूंदाबांदी हुई।

*गर्म कपड़ों में दिखे शहरवासी*

झालावाड़ जिले में सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया। पूरे दिन बादलों की आवाजाही से तापमान 2 डिग्री बढ़ गया। दिनभर बादल छाए रहे। इससे सर्दी रही। शहरवासी दिनभर गर्म कपड़ों में नजर आए। अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम 14 डिग्री रहा।

*सुबह रही गलन*

बारां शहर सहित जिले में दिनभर धूप खिली। सुबह-शाम गलन रही। दोपहर को भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा।

*कई जगहों पर बूंदाबांदी*

बूंदी जिले में सुबह सात बजे के लगभग कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई। बूंदी शहर में लगभग पन्द्रह-बीस मिनट बूंदाबांदी होने से जन जीवन प्रभावित रहा। इसी प्रकार नोताड़ा, बड़ानयागांव, पेच की बावड़ी, रामगंजबालाजी, नैनवां, करवर, तालेड़ा, कापरेन में भी बूंदाबांदी होने से लोग सुबह देर तक घरों में दुबके रहे।

कोहरा से वाहनों की गति धीमी रही। वहीं 11 बजे के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए। बाद में भी बादलों की आवाजाही बनी रही। अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 14 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया।