छप्परपोश मकान आगजनी की घटना के चलते जलकर खाक



सवाई माधोपुर@रिपोर्ट चंद्रशेखर शर्मा। गंगापुर सिटी उपखंड मुख्यालय के समीपवर्ती गांव गुर्जर बड़ौदा में एक छप्परपोश मकान आगजनी की घटना के चलते जलकर खाक हो गया। इस दौरान छप्पर पोश मकान में रखा घर- गृहस्थी का जरूरी सामान और नकदी(हजारों रुपए) आग की भेंट चढ़ गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार गुर्जर बड़ौदा निवासी मोहन गुर्जर के छप्परपोश घर में दोपहर तकरीबन 12 बजे के आसपास शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई।लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, और छप्पर पोश मकान धूं-धूं कर जलने लगा। आग की लपटें देखकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, और अपने स्तर पर मिट्टी और पानी के जरिए आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। अथक प्रयास के बाद लोगों द्वारा आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन जब तक आग बुझी तब तक घर में रखी खानपान की वस्तुएं, जरूरी कीमती सामान और नगद राशि जलकर स्वाहा हो गए। पीड़ित अनुसार अनाज के कट्टे, 3-4 जोड़ी गद्दे-रजाई, 2 हजार रूपए नगद राशि, बर्तन  एवं पानी के पाइप आदि सहित कई आवश्यक सामग्री जलकर राख हो गए। पीड़ित मोहन गुर्जर बीपीएल परिवार से जुड़ा हुआ है,और स्वयं दिव्यांग है। ऐसे में आगजनी की घटना ने उसके जीवन में कोढ़ में खाज का काम किया है। गांव के लोगों ने पीड़ित परिवार स्थानीय प्रशासन व राज्य सरकार द्वारा आर्थिक मदद की गुहार की है।