भोपाल में 143 नए केस मिले:deepak tiwari

भोपाल.भोपाल में गुरुवार को 143 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ राजधानी में संक्रमितों की संख्या 9 हजार पार कर गई। अब यहां पर संक्रमितों का आंकड़ा 9202 हो गया। मैनिट हॉस्टल में आज फिर से 5 पॉजिटिव मिले। यहां पर दो दिन में 13 संक्रमित मिल चुके हैं, वहीं जबलपुर उत्तर मध्य से कांग्रेस विधायक विनय सक्सेना भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके पहले जबलपुर से पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया भी संक्रमित मिले थे, जिन्हें इलाज के लिए मेदांता ले जाया गया था।
भोपाल में संक्रमितों की रफ्तार में कोई कमी नहीं आ रही है। गुरुवार को 143 नए संक्रमितों के साथ अब आंकड़ा 9202 पहुंच गया है। राजधानी में 24 घंटे में 4 संक्रमितों की मौत हुई है। अब तक यहां कोरोना संक्रमण से 263 ने जान गंवाई है। कोरोना संक्रमित लोग अब सरकारी दफ्तरों में मिल रहे हैं। मैनिट हॉस्टल में दो दिन में 13 संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं, बिजली कंपनी के कॉल सेंटर में फैले संक्रमण के बाद उसे अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। आज सीआरपीएफ कंपोजिट अस्पताल से 3 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसएसबी सेंटर से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अहीरपुरा बरखेड़ी से 4 पॉजिटिव आए हैं।
भोपाल के जिन इलाकों में कोरोना मरीज मिलते हैं, वहां पर जांच शुरू हो जाती है।
भोपाल के जिन इलाकों में कोरोना मरीज मिलते हैं, वहां पर जांच शुरू हो जाती है।
बिजली कंपनी का कॉल सेंटर बंद, शिकायतें संभागवार दर्ज हो रही हैं
बिजली कंपनी में 14 कर्मचारियों के कोरोना पॉजीटिव आने के बाद कॉल सेंटर को अस्थाई तौर पर बंद किया गया है। उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई संबंधी शिकायतें दर्ज कराने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किया गया है। अब शहर के अलग- अलग इलाकों के लिए संभागवार शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। एक हफ्ते तक यह अस्थाई व्यवस्था रहेगी।
कांग्रेस विधायक पॉजिटिव मिले, उन्होंने कहा- संपर्क में आए लोग टेस्ट करा लें
जबलपुर उत्तर मध्य विधानसभा से कांग्रेस विधायक विनय सक्सेना कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके पहले जबलपुर में कांग्रेस के ही विधायक और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया भी कोरोना पॉजिटिव हुए थे। बताया जा रहा था कि विनय सक्सेना को उपचुनाव की जिम्मेदारी मिली हुई है, जिस वजह से वह रोज दौरे कर रहे थे और कार्यकर्ताओं से भी मिल रहे थे। विधायक विनय सक्सेना ने कहा कि मेरे संपर्क में जो लोग आए हैं वह टेस्ट जरूर करा लें।