रास्ता भटकी हुई मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग महिला को पुलिस ने पहुंचाया घर deepak tiwari

इंदौर.अपने घर का रास्ता भूलकर यहां-वहां भटक रही मानसिक रूप से अस्वस्थ एक बुजुर्ग महिला को पुलिस द्वारा सुरक्षित घर पहुंचाया गया। भंवरकुंआ पुलिस के अनुसार रास्ते पर भटकती एक महिला को एक व्यक्ति थाने पर लेकर आया था। बुजुर्ग महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ नजर आ रही थी और अपने घर का पता नहीं बता पा रही थी।
इस पर थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने उप निरीक्षक नेहा जैन और महिला आरक्षक दीपिका और आरक्षक संजय को महिला का पता खोजने का काम सौपा। महिला के दाहिने हाथ पर शकुंतला लिखा हुआ था तथा वह पालदा गांव की तरफ रहना बता रही थी। इस पर पुलिस की टीम पालदा पहुंची और शकुंतला नामक महिला के बारे में पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
बाद में पुलिस की टीम बुजुर्ग महिला को सरकारी गाड़ी में बैठाकर पालदा ले गई और फिर उसके घर की तलाश प्रारंभ की। एक युवक ने पुलिस को बताया कि यह महिला हिम्मत नगर की हो सकती है। इस पर पुलिस वहां पहुंची तो महिला का पति और दामाद मिल गए। उन्होंने पुलिस काे बताया कि वह सुबह से ही महिला की तलाश कर रहे हैं। महिला के पति ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। महिला के परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर धन्यवाद दिया।