जन जागरूकता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं नेहरू युवा केन्द्र-कलेक्टर

सवाई माधोपुर@रिपोर्ट चंद्रशेखर शर्मा। जन जागरूकता एवं कुरीतियों को मिटाने में नेहरू युवा केन्द्र के कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सकते है। युवा कार्यकर्ताओं को समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने तथा जागरूकता अभियान में महत्वपूर्ण सहभागिता निभाते हुए अपना सहयोग प्रदान करना चाहिए। ये बात नेहरू युवा केन्द्र की जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक में जिला कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया ने कही।  
बैठक में कलेक्टर ने नेहरू युवा केन्द्र की वार्षिक कार्य योजना की समीक्षा करते हुए कार्य योजना के अनुसार गतिविधियों का आयोजन करवाने तथा युवा प्रतिभाओं को तराशने के लिए सतत प्रयास करने की बात कही। बैठक में वार्षिक कार्ययेाजना प्रस्तुत कर इसका अनुमोदन किया गया। 
इस मौके पर कलेक्टर पहाडिया ने कोरोना जन जागरूकता, ‘नो मास्क नो एंट्री’ को जन आंदोलन बनाने के लिए सबकी सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने युवा केन्द्र के प्रतिनिधियों एवं युवा प्रतिभाओं को विभिन्न विधाओं एवं प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर बधाई भी दी। बैठक में नेहरू युवा केन्द्र की ओर बनवाए गए कोरोना जागरूकता पोस्टर्स का विमोचन भी कलेक्टर पहाड़िया द्वारा किया गया। इस मौके पर नेहरू युवा केन्द्र समन्वयक हर्षित खंडेलवाल, एलडीएम, आरसीएचओ सहित नेहरू युवा केन्द्र के प्रतिनिधि उपस्थित थे।