श्रमिक हड़ताल की तैयारी जोरों पर 26 नवंबर 2020 को जनपद में रहेगा चक्का जाम हड़ताल को लेकर प्रशासन हुआ सजग- गंगेश्वर दत्त शर्मा

नोएडा, श्रम कानूनों में किए गए मजदूर विरोधी बदलावों को रद्द व न्यूनतम वेतन ₹21000 प्रतिमाह घोषित करवाने, पथ विक्रेताओं का पंजीकरण कर लाइसेंस देने व उत्पीड़न बंद कर पथ विक्रेता अधिनियम 2014 को संपूर्णता में लागू करवाने, सभी निर्माण मजदूरों का पंजीकरण कर सभी हितलाभ देने सहित संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की विभिन्न मांगों को मनवाने के लिए राष्ट्रीय मजदूर संगठनों/ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर 26 नवंबर 2020 को देशव्यापी हड़ताल है जिसकी तैयारी के लिए ट्रेड यूनियन कार्यकर्ताओं ने जनपद का सघन जनसंपर्क अभियान चला रखा है जिसके तहत 24 नवंबर 2020 को नोएडा व ग्रेटर नोएडा में जोरदार तरीके से धुआंधार प्रचार कर मजदूरों/ कर्मचारियों व आम जनता से हड़ताल में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील किया। प्रचार अभियान के तहत जगह-जगह नुक्कड़ सभा व पर्चा वितरण और साइकिल रैली, बाइक रैली निकाली गई तथा दिल्ली जन नाट्य मंच के कलाकारों ने भी कई जगह नुक्कड़ नाटक कर हड़ताल को सफल बनाने की अपील किया।
ट्रेड यूनियनों के प्रचार अभियान का मजदूरों में व्यापक असर हो रहा है और जनपद में बड़ी हड़ताल हो सकती है जिसको भांपकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है और दिनभर अधिकारीगण ट्रेड नेताओं से हड़ताल की जानकारी इकट्ठा करते नजर आए वहीं जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने शाम 4:00 बजे जिला कलेक्टर सूरजपुर ग्रेटर नोएडा पर ट्रेड नेताओं के साथ एडीएम श्री दिवाकर सिंह की अध्यक्षता में मीटिंग कर 26 नवंबर को होने वाली हड़ताल पर चर्चा किया।
 बैठक में सीटू से गंगेश्वर शर्मा, एच एम एस  से आरपी सिंह चौहान, एक्टू से राम मिलन सिंह, यूटीयूसी से सुधीर त्यागी, श्रम विभाग से उप श्रम आयुक्त श्री पी के सिंह, लेबर इंस्पेक्टर डॉक्टर संजय कुमार लाल, पुलिस विभाग से अपर पुलिस उपायुक्त श्री प्रधुम्न सिंह, एसीपी श्री आशुतोष कुमार, एल आई यू विभाग से श्री गजेंद्र सिंह आदि ने हिस्सा लिया।
प्रचार अभियान का नेतृत्व ट्रेड यूनियन नेता रामसागर, मदन प्रसाद, रामस्वारथ, मुकेश कुमार राघव, पूनम देवी, भरत डेंजर, सुभाष, रितेश झा, विनोद कुमार आदि ने किया।