विवेकानंद ने दिया उठो जागो और महान बनो का मंत्र tap news india


उझानी: श्री ओम प्रकाश शर्मा इंटर काॅलेज अब्दुल्लागंज में स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस युवा दिवस के रूप में मनाया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से विचार गोष्ठी हुई। बच्चों को सम्मानित किया गया।
प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद को युवा सोच का संन्यासी माना जाता है। विवेकानंद आध्यात्मिक पुरुष, विचारों और कार्यों से एक क्रांतिकारी संत थे, देश के युवाओें को उठो, जागो और महान बनो का मंत्र दिया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगराध्यक्ष रामकिशन शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के पुरोधा और नायक थे। स्वामी जी ने अपनी प्रबल तपश्चर्या से सूक्ष्मजगत को मथ डाला था। 
प्रधानाचार्य आरपी सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से भारत की आत्मा जाग उठी थी। इसी का परिणाम था जन-जन में स्वतंत्रता की ज्वाला धधक उठी थी। युवाओं में स्वतंत्रता के लिए आत्माहुति के पीछे उन्हीं की प्रेरणा थी।
गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीयता की भावना के जागरण में विवेकानंद का सबसे सशक्त प्रभाव था। स्वामी जी ज्ञान, वेदांत और राष्ट्रीय जीवन के प्रतीक थे। 
शिक्षक अजब सिंह ने कहा कि स्वामी जी ने युवाओं में नया उल्लास भरने का कार्य किया। समाज को आध्यात्मिक चिंतन से संमार्ग दिखाया।
शिक्षक सुरेश पाल सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने देश की उजड़ती हुई फुलवारी के लिए माली के रूप में सींचा और देश की युवा पीढ़ी को ज्ञान का प्रकाश दिखाया।
इस मौके पर जिला सहसंयोजक अजय शर्मा, नगर सहमंत्री संजय शाक्य, सुनील शाक्य, शालिनी शर्मा, पूजा साहू, संदीप कुमार, विपिन मिश्रा, रेनू शर्मा, शिवानी पाल, नेमप्रकाश आदि मौजूद रहे। संचालन नगर मंत्री नवीन राठौर ने किया।