भारत-चीन के बीच 10वे दौर की वार्ता जारी

भारत-चीन वार्ता:tap news India deepak tiwari दोनों देशों के बीच मॉल्डो में 10वें दौर की बातचीत जारी; गोगरा, हॉट स्प्रिंग और देप्सांग से सेना को पीछे हटाने पर चर्चा संभव
वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए भारत-चीन के मिलिट्री ऑफिसर्स की 10वें दौर की बैठक शुरू हो गई है। कमांडर लेवल की इस बातचीत में गोगरा, हॉट स्प्रिंग और देप्सांग में डिसएंगेजमेंट को लेकर चर्चा हो सकती है। बैठक चीन की साइड वाले मॉल्डो एरिया में हो रही है।
अब तक 9 बैठकों में पूर्वी लद्दाख में उत्तरी और दक्षिणी पैगॉन्ग लेक इलाके में डिसएंगेजमेंट को लेकर बातचीत हुई थी। सेना के सूत्रों के मुताबिक, डिसएंगेजमेंट के बाद दोनों देशों की सेना अपनी-अपनी परमानेंट पोस्ट तक पहुंच गए हैं।
समझौते के तहत पीछे हट रही चीनी सेना
पूर्वी लद्दाख की पैंगॉन्ग लेक से चीनी आर्मी पीछे हटने लगी है। भारतीय सेना ने मंगलवार को डिसएंगेजमेंट के फोटो और वीडियो जारी किए थे। इसमें चीन की आर्मी अपना सामान लेकर लौटती दिख रही है। इतना ही नहीं, चीनी सेना ने इन इलाकों से अपने बंकर तोड़ डाले। साथ ही टेंट, तोप और गाड़ियां भी हटा ली हैं। करीब 10 महीने से यहां चीन की सेना ने कब्जा किया था।
एक महीने पहले हुई थी 9वें दौर की बातचीत
भारत और चीन के बीच कोर कमांडर लेवल की 9वीं बातचीत करीब एक महीने पहले हुई थी। यह मीटिंग ईस्टर्न लद्दाख में चुशूल सेक्टर के सामने मॉल्डो में ही हुई थी। इस इलाके में दोनों सेनाओं के बीच कई महीने से तनाव चल रहा था। इसे सुलझाने के लिए हुई 8 बार की बातचीत में कोई खास नतीजा नहीं निकला था। 9वीं बैठक में डिसएंगेजमेंट के समझौते पर सहमति बन गई।
कई महीनों से आमने-सामने थे सैनिक
गलवान में हुई हिंसक झड़प के बाद से भारत और चीन के रिश्ते खराब चल रहे हैं। दोनों की सेनाएं भारी हथियारों और हजारों सैनिकों के साथ आमने-सामने हैं। भारत ने आर्मी, एयरफोर्स और नेवी ने अपने कमांडो इस इलाके में तैनात कर रखे हैं। फाइटर जेट कई महीने से लगातार उड़ान भर रहे हैं। लंबी तैनाती के हिसाब से भारत ने रसद समेत दूसरा जरूरी सामान पहले ही पहुंचा दिया था।
चीन ने कबूला कि गलवान में उसके 5 जवान मारे गए
चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने शुक्रवार को 16 जून 2020 में हुई झड़प का वीडियो जारी किया है। चीन ने कबूल किया कि इस झड़प में उसके 5 सैनिक मारे गए थे। उसने भारत पर ही समझौता तोड़ने का आरोप भी लगाया। इसके बाद उसने वीडियो जारी किया। चीन ने वीडियो में अपने मारे गए सैनिकों की फोटो और भारतीय अफसरों के साथ हुई कहासुनी भी दिखाई है। चीन ने 3 मिनट 20 सेकंड का वीडियो जारी किया है। चीन के स्‍टेट मीडिया के विश्‍लेषक शेन शिवाई की ओर से ट्वीट किए गए इस वीडियो में आरोप लगाया गया है कि भारतीय सैनिकों ने चीनी क्षेत्र में अवैध रूप से घुसने की कोशिश की।