ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स:रहने के लिए देश में दूसरा सबसे अच्छा शहर है पुणे tap news

tap news India deepak tiwari 
पुणे. देश में ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स यानी देश में रहने के लिए पुणे देश का दूसरा सबसे अच्छा शहर है। गुरुवार को घोषित ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स में पहले स्थान पर बेंगलुरु को रखा गया है, वहीं टॉप 10 की लिस्ट में महाराष्ट्र के तीन शहर शामिल हैं। इनमें नवी मुंबई छठवें और ग्रेटर मुंबई 10वें स्थान पर है। ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स में 111 शहरों का सर्वे शामिल है। इनमें से 49 शहर 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले (मिलियन प्लस) हैं, जबकि 62 शहर 10 लाख से कम कम आबादी वाले हैं।
सस्टेनेबिलिटी में भी पुणे टॉप पर है। पुणे के बाद विशाखापट्‌टनम, पिंपरी चिंचवाड़, अहमदाबाद और ग्वालियर का नंबर आता है। इस पैकेज में हम आपको बताने जा रहे हैं कि पुणे में ऐसा क्या है जो बनाता है यहां रहने वालों के लिए सबसे खास शहर।
पुणे का सुहाना मौसम: अधिकांश बड़े भारतीय शहरों (बेंगलुरु भी शामिल हैं) में गर्मी के मौसम में तापमान काफी ज्यादा हो जाता है। शहर के आसपास के पहाड़ों और हरियाली की वजह से यहां ग्रीष्मकाल में भी मौसम सामान्य और सुहाना रहता है। सर्दियों में भी यहां उत्तर भारत की तरह कड़ाके की ठंड नहीं पड़ती है।
पुणे IT और ऑटोमोबाइल का सबसे बड़ा हब: पुणे उन भारतीय शहरों में से एक है, जहां IT और ऑटोमोबाइल की लगभग सभी बड़ी कंपनियों के या तो मुख्यालय हैं या फिर यहां R&D सेंटर्स हैं। इसलिए रोजगार के लिहाज से यह सबसे महत्वपूर्ण शहर है। शहर में सभी प्रमुख IT कंपनियां, जैसे TCS, इन्फोसिस, विप्रो, कॉग्निजेंट आदि के ऑफिस यहां हैं।
मुंबई के मुकाबले पुणे में घर किफायती: पुणे महाराष्ट्र का दूसरा सबसे बड़ा शहर है, मुंबई के नजदीक होने के बावजूद यहां घर खरीदना सस्ता है। यहां की चौड़ी-चौड़ी सड़कें और सिस्टेमेटिक ट्रैफिक भी इस शहर को रहने के हिसाब से सबसे मुफीद बनाते हैं। पुणे में मुंबई की तुलना में किराये पर सस्ते घर मिल जाते हैं। शहर सार्वजनिक परिवहन द्वारा अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है।
हॉलिडे डेस्टिनेशंस से निकटता: चाहे आप समुद्र तटों से प्यार करते हों या आपको पहाड़ों की शांति पसंद हो पुणे से आसानी से कुछ घंटों में इन जगहों पर जा सकते हैं। पुणे के आसपास बहुत सारे ट्रैकिंग स्थल है, जहां मानसून के मौसम में भारी भीड़ जमा होती है। पुणे के आसपास महाबलेश्वर, माथेरान, लवासा जैसे हिल स्टेशन और कोंकण, रत्नागिरी जैसे समुद्र तट हैं।
पुणे शिक्षा का एक बड़ा हब: पुणे को 'ऑक्सफोर्ड ऑफ द ईस्ट' कहा जाता है। यहां का फर्ग्युसन कॉलेज, पुणे यूनिवर्सिटी, सिम्बायोसिस कॉलेज पूरी दुनिया में फेमस है। यहां ग्लोबल लेवल के इवेंट्स, समिट्स, कॉन्सर्ट्स और फेस्ट का आयोजन होता है। पुणे को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी भी कहा जाता है।