पुलिस महानिदेशकों के सम्मेलन में घोषित किए गए पुलिस प्रौद्योगिकी मिशन की जल्दी ही शुरुआत होगी


बेंगलुरू:केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज बेंगलुरु में नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड (NATGRID)परिसर का उद्घाटन किया। श्री अमित शाह ने उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश व देशवासियों की सुरक्षा मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार की पहले दिन से ही आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति रही है और इस दिशा में सभी एजेंसीज में एक समन्वय बनाने के लिए NATGRID का विशिष्ट योगदान है।

 

केन्दीय गृह मंत्री ने कहा कि आंकड़ा, दायरा और जटिलता के लिहाज़ से पूर्वकालिक सुरक्षा चुनौतियों की तुलना में आज सुरक्षा जरूरतें काफ़ी बदल गई हैं। इसलिए कानूनी और सुरक्षा एजेंसियों को विश्वसनीय स्रोत से प्राप्त जानकारियों तक स्वचालित तरीके से सुरक्षित और तत्काल पहुंच की जरूरत है। सरकार ने नेटग्रिड को डेटा संग्रह करने वाले संगठनों से जानकारी हासिल करने के लिए एक आधुनिक और अनोखा सूचना प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म विकसित करने एवं संचालन का काम सौंपा है।  

गृह मंत्री ने कहा कि जल्द ही केंद्र सरकार हवाला लेन-देन, आतंकियों को फंडिंग, नकली मुद्रा, नशीले पदार्थों, बम विस्फोट की धमकियों, अवैध हथियारों की तस्करी और अन्य आतंकी गतिविधियों की निगरानी के लिए एक राष्ट्रीय डेटाबेस विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि खुफिया और कानूनी एजेंसियों को अब महत्वपूर्ण डेटा से जुड़ी बाधाओं के दूर होने के साथ उन्हें पूरी तरह से इस्तेमाल करने में सक्षम होना चाहिए। डेटा एनालिटिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी की सहायता से एजेंसियों के काम करने के वर्तमान तौर तरीकों में व्यापक बदलाव आना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेटग्रिड डेटा के विभिन्न स्रोतों को जोड़ने  की जिम्मेदारी बखूबी निभाएगा।