सात प्रतिष्ठित विरासत स्थलों पर एक साथ योग प्रदर्शन किया गया tni

रामजी पांडेय

नई दिल्ली आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने असम सरकार के सक्रिय सहयोग से, आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2022 की 50 दिनों की उलटी गिनती शुरू होने के उपलक्ष्‍य में असम के शिवसागर में शिवडोल के प्रतिष्ठित पवित्र स्थल पर एक योग उत्सव का आयोजन किया। आयुष मंत्रालय के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारत के सभी पूर्वोत्तर राज्यों के 10,000 से अधिक योग के उत्साही जनों ने भाग लिया। यह उत्सव असम में शिवसागर जिले के सात ऐतिहासिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें शिवसागर शहर की परिधि के भीतर थोरा डोल, रुद्रसागर डोल, रोंघर, तोलातोल घर, करेंग घर और जॉयडोल सहित ऐतिहासिक महत्व के सभी स्थान शामिल थे। इस आयोजन का उद्देश्य योग के विभिन्न आयामों और मानव जीवन को समृद्ध बनाने की योग की क्षमता के बारे में जागरूकता पैदा करना था। उत्सव का विषय 'योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं' है जिसमें गणमान्य व्यक्तियों, छात्रों और सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया।

 

असम के मुख्यमंत्री, डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय आयुष, पत्‍तन पोत और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल, आयुष और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्रभाई कालूभाई, केंद्रीय पेट्रोलियम, गैस और श्रम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, असम के स्वास्थ्य मंत्री केशब महंत, सिक्किम के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. एम के शर्मा, अरुणाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अलो लिबांग, नगालैंड के स्वास्थ्य मंत्री एस पांगन्यू फोम ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। मंत्रियों के अलावा, असम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश के सांसद, केन्‍द्र और सभी पूर्वोत्तर राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों तथा विशेषज्ञों, योग उत्साही जनों और छात्रों ने इस उत्सव में भाग लिया। सामान्य योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन एमडीएनआईवाई के निदेशक डॉ. ईश्वर वी. बसावरादी के नेतृत्व में आज सुबह शिवसागर के पवित्र परिसर में किया गया।