भारत का जी-20 संस्कृति ट्रैक 'कल्चर ऑफ लाइफ' के विचार पर आधारित है- जो सतत जीवन जीने के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवनशैली का अभियान है"- संस्कृति सचिव श्री गोविंद मोहन


 नई दिल्ली संस्कृति मंत्रालय 22 से 25 फरवरी 2023 तक  मध्य प्रदेश के खजुराहो में संस्कृति कार्य समूह (सीडब्ल्यूजी) की पहली बैठक का आयोजन कर रहा है।


https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001A3IB.jpg

जी-20 के संस्कृति कार्यसमूह (सीडब्ल्यूजी) की आगामी पहली बैठक के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए संस्कृति सचिव श्री गोविंद मोहन ने कहा, “भारत संस्कृति में इतना समृद्ध और विविधता भरा है कि ये सांस्कृतिक जुड़ाव अपना एक अलग ही महत्व हासिल कर लेता है। जी-20 की व्यापक थीम "वसुधैव कुटुम्बकम"- एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' है। संस्कृति मंत्रालय ने भारत की जी-20 की थीम "वसुधैव कुटुम्बकम" से प्रेरित सांस्कृतिक परियोजनाओं का एक मजबूत कार्यक्रम विकसित किया है। संस्कृति सचिव ने आगे बताया कि भारत का जी-20 संस्कृति ट्रैक 'कल्चर फॉर लाइफ' के विचार पर आधारित है- यानी सतत जीवन के लिए एक अभियान के तौर पर पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवनशैली।

श्री गोविंद मोहन ने ये भी कहा कि इस संस्कृति कार्यसमूह की चार बैठकें होंगी। वे खजुराहो, भुवनेश्वर, हम्पी में होंगी और आखिरी स्थल तय किया जाना बाकी है। उन्होंने ये भी बताया कि खजुराहो के लिए थीम है- "सांस्कृतिक संपदा का संरक्षण और बहाली।"

संस्कृति सचिव ने कहा, “खजुराहो में सांस्कृतिक कार्यसमूह की इस बैठक में एक प्रदर्शनी भी आयोजित होगी जो महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी। इसका उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान के साथ केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री जी किशन रेड्डी करेंगे।”

श्री गोविंद मोहन ने बताया कि इस अवसर पर खजुराहो नृत्य महोत्सव सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। यहां आने वाले प्रतिनिधि पश्चिमी समूह के मंदिरों का भी दौरा करेंगे, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल है। उन्हें पन्ना टाइगर रिजर्व भी ले जाया जाएगा। इस बैठक में 125 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।