मोदी सरकार भारतीय संस्कारों, इतिहास और संस्कृति के गौरव के साथ विश्वभर की हर क्षेत्र की आधुनिक से आधुनिक शिक्षा भारत में उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है


नई दिल्ली   केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज झारखंड के देवघर में रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।

अपने संबोधन में श्री अमित शाह ने कहा कि कोई भी संस्था 100 वर्षों तक चलती है तो ये निश्चित हो जाता है कि इसे चलाने वाले इसे समाज के लिए चलाते हैं। उन्होंने कहा कि जो संस्थाएं समाज, देश और दूसरों के लिए नहीं चलती हैं, वो 100 सालों तक कार्यशील नहीं रहती हैं और सातत्यपूर्ण तरीके से काम नहीं कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि 100 साल से इस संस्था का चलते रहना रामकृष्ण मिशन और इसे चलाने वाले लोगों की तपस्या का ही सुफल है कि 100 सालों से ये संस्था चरित्र निर्माण का काम कर रही है।